पार्टी और परिवार के सारे विवादों को सुलटाने के बाद चुनावी अभियान पर निकले अखिलेश सुल्तानपुर पहुंच चुके हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद सबसे पहले उनकी चुनावी सभाएं सुल्तानपुर में हुईं। पहली जनसभा सुल्तानपुर सदर विधानसभा क्षेत्र के मोतिगरपुर के पास स्थित शाहपुर लपटा में हुई वही दूसरी इसौली विधानसभा क्षेत्र के सुरेशनगर के बगल स्थित लखपेड़वा वाली बाग में। इस दौरान अखिलेश वोट मांगे, सरकार की उपलब्धियां गिनवाईं, भाजपा पर निशाना साधा और ये भी कहा कि उन्हें एक बार को लगा था कि साइकिल हाथ से चली जाएगी।
अखिलेश ने कहा, सपा की कथनी और करनी में कोई भेद नहीं। अगर कोई यहां से जीतेगा तो साइकिल वाला जीतेगा। तापमान अभी से पार्टी के पक्ष में है। अखिलेश ने कहा कि हमने जो भी वादे किए थे सब पूरे किए। अब बजट में केंद्र सरकार हमारी योजनाओं की नकल करेगी।
उन्होंने कहा, 2014 के चुनाव में लोगों ने ऐसी पार्टी को जिता दिया जो कहती थी कि अच्छे दिन आएंगे। मैं सुल्तानपुर के लोगों से पूछता हूं कि अच्छे दिन कहां हैं? सीएम ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में झाड़ू पकड़वा दिया और कुछ लोगों को योगा करवा दिया।
अखिलेश ने कहा, आने वाली सरकार में हम शत प्रतिशत लोगों को पेंशन देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले वक्त में स्मार्टफोन देंगे ताकि लोग व्यवस्था से जुड़ सकें। किसानों के लिए मंडी और नौजवानों के लिए स्किल डेवलपमेंट कोर्स शुरू करेंगे। ये सबसे नौजवान प्रदेश और नौजवान देश है।
भर्ती के जरिए युवाओं को किया आकर्षित
- फोटो : amar ujala
पुलिस भर्ती का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने युवाओं को भी आकर्षित करने की कोशिश की। कहा कि बेरोजगारों को सबसे ज्यादा रोजगार दिया। पहले पुलिस भर्ती के लिए 10 किलोमीटर की दौड़ होती थी। उसमें परिवर्तन करके साढ़े चार किलोमीटर दौड़ किया गया।
सरकार बनी तो कक्षा 10 व 12 के बाद युवा पुलिस में भर्ती हो जाएंगे। कौशल विकास के जरिए मुख्यमंत्री ने युवाओं को रोजगार देने का दावा व वादा किया।
अखिलेश ने कहा, सारी लड़ाई लड़ी समाजवादी पार्टी ने। आपने अखबारों में बहुत कुछ पढ़ा होगा लेकिन जो संघर्ष हुआ वो आपके हित के लिए हुआ। अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधा कि नोटबंदी से कई जानें तक गईं। ईमानदारी से कमाए हुए पैसे को कालाधन बता दिया।
सुरेशनगर जनसभा के दौरान अखिलेश ने कहा, एक बार को मुझे लगा था कि साइकिल हाथ से चली जाएगी लेकिन ईश्वर की कृपा और आप लोगों के आशीर्वाद से ऐसा नहीं हुआ और एक बार फिर साइकिल आपके सामने है।
कल लखीमपुर में करेंगे जनसभा
जनसभा का एक दृश्य।
- फोटो : amar ujala
बताया कि नेताजी ने पिछले चुनाव में कहा था कि चुनाव जीतेंगे तो महिलाओं को दो साड़ी देंगे। दिक्कत यह थी कि साड़ी लाल व हरे रंग की देते तो झगड़ा मच जाता, इसलिए समाजवादी पेंशन दी।
सीएम ने अपने घोषणा पत्र को लेकर कहा कि सपा सरकार बनी तो एक करोड़ को समाजवादी पेंशन देंगे। इसमें एक हजार रुपये मिलेंगे। प्राइमरी स्कूलों के बच्चों को एक किलो घी मिलेंगे। सपा सरकार जरूरतों को ध्यान में रखकर कार्य करती है।
उन्होंने अमेरिका का हवाला दिया। कहा, कि अमेरिका ने सड़क बनवाई और सड़क ने ही अमेरिका को बना दिया। विकास के लिए सड़क और एक्सप्रेस-वे बहुत जरूरी है। कहा कि अभी शहरों को 24 व गांव को 16 व 18 घंटे बिजली दे रहे हैं।
पारिवारिक विवाद का दर्द भी छलका
जनसभा में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव करीब छह माह से चल रहे पारिवारिक विवाद का दर्द नहीं रोक सके। विवाद का हवाला दिए बिना कहा कि बहुत लड़ाई लड़ी। आप सभी ने अखबारों में पढ़ा होगा, सुना होगा व देखा होगा। विरोधी अलग कुछ बता रहे थे। यह संघर्ष मैने आप लोगों व समाजवादियों के लिए किया। सरकार बनी तो घोषणा पत्र के कार्य लागू होंगे।