बसपा सुप्रीमो मायावती के अकेले विधानसभा उप चुनाव लड़ने के बयान के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी बड़े सधे अंदाज में जवाब दिया है। कहा, मैं इंजीनियरिंग का छात्र रहा हूं, इसलिए प्रयोग करता रहता हूं।
लोकसभा चुनाव में बसपा के साथ गठबंधन के तौर पर एक प्रयोग किया था, लेकिन वह सफल नहीं हुआ। साथ ही उन्होंने कहा, प्रयोग करने से व्यक्ति को अपनी कमजोरियों के बारे पता जरूर चलता है। अखिलेश ने ये बातें बुधवार को कही। वह राजधानी के ईदगाह में मुस्लिम समाज को ईद की बधाई देने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अखिलेश व डिंपल का सम्मान किए जाने संबंधी मायावती के बयान का जवाब देते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि वह शुरू में ही कह चुके हैं कि मायावती का सम्मान ही उनका सम्मान है। वह आज भी मायावती का सम्मान करते हैं।
जहां तक गठबंधन या अकेले उप चुनाव लड़ने का मुद्दा है तो राजनीति में सारे विकल्प खुले रहते हैं। साथ ही कहा, अगर अकेले चुनाव लड़ने की स्थिति बनती है तो वह भी अपने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके रणनीति तैयार करेंगे कि कैसे चुनाव लड़ा जाए।