लखनऊ। ए डिवीजन क्रिकेट लीग मैच में शुक्रवार को खेले गये मुकाबलों में अखिल इंफ्रा क्रिकेट क्लब, यार्कर क्रिकेट क्लब और यूपी टिंबर क्रिकेट क्लब ने जीत दर्ज कर पूरे अंक प्राप्त किए। अखिल इंफ्रा ने लाइफ केयरक्लब को छह विकेट, यार्कर क्रिकेट क्लब ने डीवाईए को 137 रन और यूपी टिंबर ने कुहू स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब को नौ विकेट से हराया। जीसीआरजी ग्राउंड पर खेले गए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए कुहू स्पोर्ट्स क्रिकेट क्लब ने 36.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 183 रन बनाए। जवाब में यूपी टिंबर ने मात्र एक विकेट खोकर 22.4 ओवर में 188 रन बनाकर जीत दर्ज की। विजयी टीम से प्रियांशु श्रीवास्तव ने चार, मिलन यादव ने तीन विकेट लिए जबकि सलामी बल्लेबाज विश्वजीत मिश्रा ने नाबाद 111 रनों की शतकीय पारी खेली। स्पोर्ट्स गैलेक्सी बी ग्राउंड पर खेले गए मैच में लाइफकेयर क्लब ने 36 ओवर में सभी विकेट खोकर 163 रन बनाए। जवाब में अखिल इंफ्रा ने 23.4 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। विजयी टीम से विपिन चंद्रा ने तीन और शाश्वत कृष्णा ने दो विकेट लिए, जबकि हर्षजीत सिंह ने 58 और विपिन चंद्र ने 45 रन बनाए। डॉ. अखिलेश दास स्टेडियम पर खेले गए तीसरे लीग मुकाबले में यार्कर क्लब ने 40 ओवर में आठ विकेट खोकर 274 रन बनाए। समर्थ दीक्षित ने 84 और भवी शर्मा ने 51 रन बनाए। जवाब में डीवाईए की टीम 27.4 ओवर में 137 रनो के योग पर लुढ़क गई। यार्कर की ओर से जैनुद्दीन ने चार, सार्थक ने तीन और नवनीत ने दो विकेट चटकाए।