लखनऊ। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की एडीआरएम नीलिमा सिंह ने शुक्रवार को अकबरपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत लगभग 16.02 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समय पर व गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए नए हॉल, बेहतर प्रवेश-निकास और आधुनिक प्रतीक्षालय बनाए जा रहे हैं। निरीक्षण के समय वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशांत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।