ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा है कि प्रदेश में जितनी बिजली आपूर्ति की जा रही है उतना राजस्व भी अवश्य वसूल किया जाए। बकाये पर जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं उनके यहां बिजली जलती नहीं मिलनी चाहिए। शर्मा ने प्रदेश के सभी 762 निकायों की आपूर्ति में सुधार तथा महानगरों और धार्मिक स्थलों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति के भी निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने शुक्रवार को शक्ति भवन में बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए ये निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने गलत बिलिंग पर एजेंसियों के साथ-साथ बड़े बकायेदारों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने अपर मुख्य सचिव ऊर्जा तथा पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष को रिवैम्पड योजना की नियमित मॉनिटरिंग करके तय समयसीमा में काम पूरा कराने को कहा। उन्होंने बताया कि रिवैम्पड योजना में 5550 करोड़ रुपये मिले हैं। अगले तीन महीने में यह बजट खर्च किया जाना है। उन्होंने पूर्वांचल वितरण निगम के एमडी को अस्थाई विच्छेदन की जांच के लिए वाणिज्य इकाई के अधिकारियों की टीम भेजने को कहा है।