लखनऊ। अजीत सिंह हत्याकांड के साजिशकर्ता ध्रुव सिंह उफ्र कुंटू और अखंड को लेकर रविवार देर शाम लखनऊ पहुंची पुलिस टीम ने दोनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। इसके बाद शुरू हुई पूछताछ में कुंटू ने कुबूल किया कि उसने ही गिरधारी उर्फ डॉक्टर से अजीत सिंह की हत्या करवाई थी। बताया, अजीत पहले उसका दोस्त था लेकिन मना करने के बाद भी वह विधायक सीपू सिंह की हत्या में गवाही देने जा रहा था। वहीं अखंड ने भी कुंटू के बयान को दोहराया। दोनों से शनिवार देर तक पूछताछ होती रही। कुछ सवाल दोनों को अलग-अलग बैठाकर भी पूछे गए।
पूर्व सांसद के सवाल पर चुप्पी
शुक्रवार रात को विवेचक और एक पुलिस अधिकारी ने कुंटू और अखंड से गैंगवार में पूर्व सांसद की भूमिका के बारे में भी सवाल किए। इस पर दोनों चुप्पी साध गए। कई बार पूछने पर कुंटू ने कहा कि हत्या की साजिश उसी ने ही रची थी। उसकी ही अजीत से दुश्मनी हो गई थी। कुछ दिन बाद ही उसकी पेशी थी और इसमें अजीत उसके खिलाफ गवाही देने वाला था। पुलिस के मुताबिक, कुंटू की तीन दिन और अखंड की दो दिन की रिमांड मिली है।
डीसीपी पूर्वी संजीव सुमन के मुताबिक, कोर्ट ने आजमगढ़ जेल में बंद कुंटू सिंह और बरेली जेल में बंद अखंड सिंह की रिमांड मंजूर की थी। शुक्रवार देर शाम दोनों को लेकर पुलिस लखनऊ पहुंची। दोनों से हत्या की साजिश रचने केपीछे का कारण, शामिल लोगों और सुपारी की रकम के बाबत पूछताछ की गई। शूटरों को असलहा कहां से उपलब्ध कराया गया समेत कई सवाल शामिल रहे। वहीं शुक्रवार सुबह 11 बजे शूटर संदीप सिंह बाबा को दो दिन की पूछताछ केबाद रिमांड खत्म होते ही गोसाईंगंज जेल में भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में अब तक शूटर संदीप सिंह बाबा, मददगार रेहान, प्रिंस सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं शॉर्प शूटर गिरधारी उर्फ डॉक्टर को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरधारी को दिल्ली पुलिस पांच फरवरी को लखनऊ कोर्ट में पेश करेगी।