कम ट्रैफिक व महंगे ईंधन के चलते एयरलाइनों ने लिया फैसला
अधिकारी कर रहे मंथन, विमान सेवाएं होंगी कम
लखनऊ। लखनऊ से गोवा सहित ग्यारह शहरों के लिए उड़ानों की संख्या घटेगी। एयरलाइन कंपनियों ने जिन रूटों पर विमान सेवाओं की आवृत्ति कम करनी है, उनकी सूची बनानी शुरू कर दी है। ऐसा महंगे ईंधन व कम ट्रैफिक के चलते किया जा रहा है।
दरअसल, पश्चिम एशिया में पिछले कई महीनों से जो तनाव बना रहा, उसकी वजह से ईंधन की कीमतें आसमान पर पहुंच गईं। इतना ही नहीं लखनऊ से कई शहरों के लिए विमान सेवाओं को ट्रैफिक मिलना भी कम हो गया। ऐसे में एयरलाइनों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा था। लिहाजा एयरलाइनें अब ग्यारह शहरों के लिए अपने विमान सेवाओं की फ्रीक्वेंसी कम करेंगी। इन रूटों पर विमान सेवाएं जारी रहेंगी, लेकिन उनकी संख्या कम को जाएगी। हालांकि कई रूट ऐसे हैं, जहां विमान सेवाएं सीमित हैं, वहां संख्या कम होने पर यात्रियों की आवाजाही में मुश्किलें पेश आएंगी। एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि लखनऊ से अभी प्रतिदिन करीब 140 विमानों की आवाजाही है।
इन शहरों के लिए बाधित होंगी विमान सेवाएं
सूत्रों के अनुसार लखनऊ से गोवा, नवी मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, पटना, बंगलूरू, रांची, देहरादून, जयपुर, अहमदाबाद व चेन्नई आदि शहरों के लिए विमान सेवाओं की संख्या कम करने की योजना पर एयरलाइंस काम कर रही हैं।
कई रूटों पर ठप हो सकती हैं सेवाएं
फ्रीक्वेंसी कम होने से सेवा ही समाप्त हो जाएगी। मसलन, लखनऊ से नवी मुंबई रूट के लिए एक ही विमान सेवा है, इसके बंद होने से मुश्किलें पैदा होंगी। ऐसे ही लखनऊ से अहमदाबाद के लिए भी एक ही सीधी उड़ान है, जिसके बंद होने से कनेक्टिंग विमानों का ही सहारा रह जाएगा। गोवा आदि के लिए भी सीमित उड़ानें हैं। फिलहाल कितनी फ्रीक्वेंसी कम होंगी, इसकी सूची एयरलाइंस तैयार कर रही हैं।