लखनऊ। हसनगंज पुलिस ने एक्सप्रेस क्रेडिट ऋण के 11 खाताधारकों के फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर बैंक से एक करोड़ रुपये का लोन लेने के मामले में वायु सेना के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में आरोपी के दो साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
इंस्पेक्टर चितवन कुमार ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी बरेली के इज्जतनगर का रहने वाला गोपाल सिंह है। आरोपी एयरफोर्स में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। 14 अप्रैल 2025 को एसबीआई बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक विपिन सिंह ने थाने में 12 लोगों के खिलाफ ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें चार बैंक अधिकारियों और कुछ बिचौलियों के भी नाम शामिल थे। पुलिस इसी मामले में आरोपी गब्बर और कुसुमा को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले में आरोपी बनाए गए बैंक अधिकारियों की भूमिका की भी तफ्तीश की जा रही है।