उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद में कृषि शोध कार्यों के लिए वैज्ञानिकों का टोटा जल्द खत्म हो जाएगा। राज्यपाल राम नाईक ने 25 पदों को भरने की मंजूरी दे दी है। ये पद दस साल से रिक्त थे।
पिछले दिनों राज्यपाल ने कृषि क्षेत्र में शोध कार्यों में तेजी लाने को कहा था। इसके बाद अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने प्रदेश सरकार को पत्र भेजा था।
इसमें पद खाली होने से शोध कार्य प्रभावित होने की बात कही गई थी। प्रदेश सरकार ने इन पदों को भरने का प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा था।
राज्यपाल ने वैज्ञानिक अधिकारियों के छह, महानिदेशक के तकनीकी सचिव के एक, तकनीकी सहायकों के नौ, कार्मिक अधिकारी व लाइब्रेरियन के एक-एक पद सहित आशुलिपिक और कनिष्ठ सहायकों के सात पदों समेत कुल 25 पदों को भरने की इजाजत दी है।
ये होगा ग्रेड पे : वैज्ञानिक अधिकारी व तकनीकी सचिव का ग्रेड पे-6000 रुपये, तकनीकी सहायक का 4200 रुपये, कार्मिक अधिकारी का 5400 रुपये, लाइब्रेरियन व आशुलिपिक का 2800 और कनिष्ठ सहायक का 1900 रुपये होगा।