नाका पुलिस ने मंगलवार को सीरियल किलर भाइयों सलीम, सोहराब व रूस्तम के गुर्गे छोटे को दबोच लिया। वह इलाके में लूट की वारदात को अंजाम देता था। वारदात में उसके साथ उसका भाई भी शामिल रहता था। वहीं ठाकुरगंज में महिला के जेवरात हड़पकर भागे दो ठगों को भी नाका पुलिस ने दबोच लिया है।
प्रभारी निरीक्षक सुजीत दुबे के मुताबिक, 28 अगस्त की शाम नेहरू नगर तिराहे के पास स्कूटी सवार बदमाश ने महिला से चेन छीनी थी। वारदात कांग्रेस नेता सुशील दुबे की पत्नी ममता के साथ हुई थी जिसका मुकदमा दर्ज कराया था। वारदात स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में लूट की वारदात रिकॉर्ड हो गई। इसके फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। फुटेज के सहारे बदमाशों की पहचान सीरियल किलर भाइयों के गिरोह के सदस्य के रूप में हुई। मंगलवार को लूट में शामिल कैंट निवासी छोटे को गिरफ्तार किया गया। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार छोटे के साथ लूट की घटना में उसका भाई भइयू भी शामिल था। जो सीरियल किलर भाई सलीम का साढू है। छोटे ने डकैती, लूट और हत्या की कई वारदात की हैं जिनके केस आलमबाग, कैंट और नाका कोतवाली में दर्ज हैं।
बिहार के टप्पेबाजों ने उड़ाए थे महिला के जेवर, पकड़े गए
प्रभारी निरीक्षक सुजीत दुबे ने बताया कि जीआरपी लाइन तिराहे के पास से दो टप्पेबाजों को दबोचा गया है। पकड़े गये टप्पेबाज बिहार के भागलपुर के रहने वाले कैलाश कुमार शाह ओर दीपक कुमार शाह हैं। पूछताछ में बताया कि वह बर्तन व जेवर साफ करने का झांसा देकर वारदात को अंजाम देते हैं। रविवार को ठाकुरगंज के नेवाजगंज निवासी नीता सक्सेना को झांसा देकर उनके जेवर पार किए थे। पुलिस ने दोनों केपास से 40 ग्राम डायजपाम पाउडर, क्लीनिक प्लस शैंपू का डिब्बा, 16 पाउच पीला पाउडर, दो पैकेट सोना साफ करने का पाउडर बरामद किया।