फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: 37 से 73 हो गई उम्र, 36 साल बाद भी दुकान की रजिस्ट्री नहीं

विज्ञापन
जनता दर्शन में कमिश्नर और फरियादी।
विज्ञापन
लखनऊ। तिलक नगर की प्रभात गुप्ता जब 37 साल की थीं, तब उन्होंने 1985 में एलडीए की ऐशबाग योजना में दुकान खरीदी थी। अब वह 73 साल की हो गई हैं, मगर उनकी रजिस्ट्री अब तक नहीं हो पाई है। बढ़ती उम्र के कारण वह चलने में असमर्थ हैं। उनके केस की पैरवी के लिए अब पड़ोसी अल्ताफ एलडीए के चक्कार काट रहे हैं। बुधवार को वह एलडीए के जनता दर्शन में पहुंचे और प्रभात गुप्ता की परेशानी बताई। मंडलायुक्त रोशन जैकब ने जांचकर रजिस्ट्री कराने का भरोसा तो दिया है, लेकिन यह कब तक होगी यह तय नहीं है। एलडीए से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई और निस्तारण को लेकर बुधवार को आयोजित जनता दर्शन में 31 मामले आए, जिनमें से चार का ही मौके पर निस्तारण हो सका, बाकी में कार्यवाही का भरोसा दिया गया।
विज्ञापन




फाइल एलडीए से गायब



अमर उजाला ने प्रभात गुप्ता से फोन पर बात की तो उन्होंने बताया कि दुकान के लिए उन्होंने पंजीकरण 1981 में कराया था और आवंटन 1985 में हुआ था। अब फाइल एलडीए से गायब हो गई है। इसमें उनका क्या दोष, उन्होंंने तो पूरा पैसा भी जमा कर दिया। उसके बाद भी एलडीए के बाबुओं और अधिकारियों ने रजिस्ट्री लटका दी। बताया कि रजिस्ट्री को लेकर वह मंडलायुक्त से लेकर एलडीए वीसी तक को 50 से अधिक पत्र दे चुकी हैं।



सीने पर शिकायत चिपकाकर पहुंचे सुरेश



खदरा के सुरेश चंद्र ने बताया कि उनके घर के बगल में एक मकान पर दो मोबाइल टावर लगे हैं, जिनके रेडिएशन से वह और उनकी पत्नी बीमार हो गए हैं। टावर हटाने के लिए अगस्त 2024 में एलडीए ने आदेश भी दिया, मगर उसे अब तक नहीं हटाया गया। मंडलायुक्त ने अफसरों से कहा कि आदेश पर अमल किया जाए और अब तक क्यों नहीं हुआ, इसका जवाब भी दिया जाए।
विज्ञापन




10 महीने से अटका घर का नक्शा

अमीनाबाद के राजीव अग्रवाल ने बताया कि महानगर में उनका प्लाॅट है। घर बनवाने के लिए उन्होंने 10 महीने पहले एलडीए में मानचित्र पास कराने का आवेदन किया, मगर अब तक पास नहीं हुआ, जबकि नियम है कि आवेदन के 90 दिन में यह पास हो जाएगा। कहा 10 महीने से इंजीनियर इम्तियाज दौड़ा रहे हैं। जब जाओ तो कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देते हैं।



पांच साल से मुआवजे के लिए काट रहे चक्कर



कानपुर रोड निवासी कुलदीप मेहरा ने बताया कि एलडीए ने 1980 में उनकी जमीन अधिग्रहीत की थी, जिसका मुआवजा कम दिया था। करीब 83 लाख रुपये अभी एलडीए के पास बकाया है। इसके लिए वह पांच साल से चक्कर काट रहे हैं, मगर अब तक मिला नहीं है। पिछले जनता दर्शन में भी आए थे।



जानकीपुरम में एक करोड़ से संवरेगा खेल मैदान



ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के पदाधिकारियों ने मंडलायुक्त को बताया कि जानकीपुरम योजना के सेक्टर-जे स्थित खेल मैदान में अवैध कब्जे और गंदगी है। जिस पर मंडलायुक्त ने अधिकारियों से पूछा तो उन्होंने बताया कि सुविधाओं के उच्चीकरण व सुंदरीकरण में करीब एक करोड़ रुपये का खर्च आएगा। मंडलायुक्त ने अवस्थापना निधि से कार्य कराने के निर्देश दिए।



सील बिल्डिंग में अवैध निर्माण पर नाराज हुईं मंडलायुक्त

अमीनाबाद के अदनान अली ने बताया कि मौलवीगंज के अस्तबल चारबाग में बिल्डर हुमा सईद अवैध तरीके से छह मंजिला अपार्टमेंट का निर्माण करा रही हैं। एलडीए ने 22 जनवरी को इसे सील भी किया था। एफआईआर कराकर लेसा को बिजली काटने के लिए पत्र भी भेजा था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब निर्माण फिर शुरू हो गया है। इस पर मंडलायुक्त ने प्रवर्तन के अभियंताओं पर नाराजगी जताई और कहा कि नोटिस देने के बाद अगर बिल्डर अवैध निर्माण कर रहा है तो उसे बिना आदेश ध्वस्त कर दिया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें