लखनऊ। कानपुर देहात के रनिया पचेहरा निवासी सैन्यकर्मी आनंद कुशवाहा पर युवती ने शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण करने का आरोप लगाया। पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर विभूतिखंड पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर विभूतिखंड सुनील कुमार सिंह ने बताया कि युवती की कुछ माह पहले मेट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से आनंद से पहचान हुई थी। आनंद ने युवती से शादी करने की बात कही। इसके बाद दोनों विभूतिखंड इलाके में आकर लिवइन में रहने लगे। इस दौरान आरोपी आनंद ने युवती का यौन शोषण किया। कुछ समय पहले जब युवती ने आरोपी से शादी की बात कही तो उसने इन्कार कर दिया। गत 27 अप्रैल को युवती ने आनंद के खिलाफ विभूतिखंड थाने में यौन शोषण का केस दर्ज कराया। बुधवार को पुलिस ने आरोपी आनंद को उसके घर कानपुर देहात से गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि आनंद मौजूदा समय में उड़ीसा में तैनात है।