सरोजनीनगर। शेयर बाजार और क्रिप्टो में छह लाख रुपये डूबने पर जोमैटो वेयरहाउस के टीम लीडर ने 11 अप्रैल को बंथरा में एटीएम मशीन तोड़कर नकदी चुराने का प्रयास किया था। आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से सब्बल, कटर और बाइक बरामद हुई है।
एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा ने बताया कि आरोपी उन्नाव में अजगैन के शेरशाह गांव का गुलशन कुमार है। वर्ष 2024 में उसने प्रेम विवाह किया था। इससे नाराज होकर परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया था। इसके बाद से वह बंथरा के उम्मेद खेड़ा में किराये पर रहकर वेयरहाउस में काम कर रहा था। शेयर बाजार में छह लाख रुपये डूबने पर वह कर्ज में आ गया। इसे चुकाने के लिए उसने 11 अप्रैल को तड़के बंथरा के पहाड़पुर स्थित हिताची एटीएम में वारदात की। एटीएम बूथ संचालक पहाड़पुर के शौर्य श्रीवास्तव ने बंथरा थाने में एफआईआर कराई थी।