राष्ट्रीय लोकदल के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बाद अब सपा मुखिया अखिलेश यादव किसान पंचायतों में हिस्सा लेंगे। इसकी शुरुआत शुक्रवार को टप्पल में किसान महापंचायत से होगी।
सपा अब खुलकर किसानों के पक्ष में खड़ी हो रही है। अखिलेश किसान पंचायतों की शुरुआत कर रहे हैं। किसी समय किसान आंदोलन के लिए चर्चित रहे टप्पल (अलीगढ़) में वे 5 मार्च को किसान पंचायत में शामिल होंगे। इसी तरह किसान आंदोलन का कभी केंद्र रहे बाजना (मथुरा) में वे 19 मार्च को किसान पंचायत में शामिल होंगे। इससे पहले 17-18 मार्च को वे मथुरा में पार्टी के शिविर में शामिल होंगे। अखिलेश के मवाना (मेरठ) और कासगंज में किसान पंचायतों की तिथियां भी तय हो गई हैं। कासगंज की किसान पंचायत महान दल के सहयोग से होगी।
रामपुर से शुरू होगी साइकिल यात्रा
वरिष्ठ नेता आजम खां के समर्थन में आवाज उठाने के लिए रामपुर की मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से सपा की साइकिल यात्रा शुरू करने की तैयारी है। इस यात्रा को अखिलेश यादव हरी झंडी दिखाएंगे। जल्द ही इसका कार्यक्रम जारी हो सकता है।