लखनऊ। जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और कृषि के बाद देश में रोजगार का दूसरा सबसे बड़ा साधन है। एमएसएमई का देश की जीडीपी और निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान है तथा उत्तर प्रदेश में भी बड़ी संख्या में एमएसएमई इकाइयां संचालित हैं।
वह विश्व एमएसएमई दिवस पर शनिवार को गोमतीनगर स्थित एक निजी होटल में संगठन की ओर से आयोजित उद्योग संवाद एवं सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। अगर किसी उद्यमी की धनराशि किसी व्यापारी के पास फंस जाती है तो उसे भी दिलवाने में संगठन अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रदेश व केंद्र सरकार से तमिलनाडु की तर्ज पर एमएसएमई लेंडिंग व्यवस्था लागू करने की मांग की। कहा कि उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कुशल कार्यबल तैयार करने के लिए शिक्षा के साथ स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देना जरूरी है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गजेंद्र शर्मा ने कहा कि एमएसएमई की विभिन्न गतिविधियों से व्यापारी लाभान्वित हो रहे हैं। समारोह में उद्योग जगत में योगदान के लिए मुरलीधर आहूजा को एमएसएमई प्रणेता सम्मान से सम्मानित किया गया। अमित गुप्ता और अनीता अग्रवाल ने उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, राष्ट्रीय अध्यक्षा (महिला विंग) अनीता अग्रवाल, जगत नारायण अग्रवाल, आलोक आर्या, रविंद्र जायसवाल, देवेंद्र अग्रवाल, मनीष भटियानी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए व्यापारी मौजूद रहे।
उद्यमी का सम्मान