जाली पासपोर्ट के साथ अफगानी नागरिक एयरपोर्ट पर गिरफ्तार
लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने एक अफगानी नागरिक को जाली भारतीय पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जंदुल्लाह उर्फ रेहान के रूप में हुई है, जो वर्ष 2019 में छह दिन के मेडिकल वीजा पर भारत आया था। तब से भारत के अलग-अलग शहरों में रह रहा था।
इमिग्रेशन अधिकारी विद्या राम शुक्ल के अनुसार 19 मई को ड्यूटी पर थे। शाम 6:40 बजे शारजाह जाने के लिए इंडिगो की फ्लाइट पकड़ने पहुंचे इस युवक की बोली पर उन्हें संदेह हुआ। पूछताछ में उसने खुद को बिहार निवासी रेहान बताया, लेकिन दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि सभी पहचान पत्र वर्ष 2020 में बने थे। पूछताछ के बाद उसने स्वीकार किया कि वह अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के चकन गांव का रहने वाला है। आरोपी ने अपना असली नाम जंदुल्लाह बताया।
खुफिया एजेंसियों ने की पूछताछ
आरोपी ने कबूल किया कि भारत में रहते हुए उसने धोखाधड़ी कर भारतीय पहचान पत्र और पासपोर्ट बनवाए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और खुफिया एजेंसियों को जानकारी दी गई। लंबी पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। खुफिया एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह दिसंबर 2019 से किन-किन शहरों में रह चुका है। पुलिस आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर और जानकारी जुटाने की तैयारी में है।