लखनऊ में अधिवेशन के दौरान अधिवक्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान ईंट-पत्थर चलने से कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। गाड़ी से रुपये चोरी होने की बात सामने आई। दो लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
राजधानी लखनऊ में कौंसिल बार चुनाव को लेकर शुक्रवार रात कृष्णा नगर स्थित एक निजी लॉन में हुए अधिवक्ता अधिवेशन के दौरान वकीलों में आपस में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर ईंट-पत्थर चलने लगे। इससे लॉन के बाहर खड़ी दर्जनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर चोरी और तोड़फोड़ की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर दो अधिवक्ताओं को कस्टडी में लेकर उन पर शांतिभंग की कार्रवाई की।
विज्ञापन
कृष्णा नगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि अधिवक्ता जीतू यादव लखनऊ बार काउंसिल के चुनाव में महामंत्री पद के प्रत्याशी हैं। उनकी ओर से कानपुर रोड स्थित अवस्थी लॉन कृष्णा नगर में अपने समर्थन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें खाने पीने की भी व्यवस्था थी।
कार्यक्रम के दौरान कुछ अधिवक्ताओं में आपस में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इस पर उन्हीं में से कुछ लोगों ने लॉन के बाहर खड़ी गाड़ियों पर पथराव कर दिया। इससे दर्जनों गाड़ियों के शीशे टूट गए। इस मामले में नरपत खेड़ा पारा निवासी अधिवक्ता अरुण प्रताप सिंह ने कार क्षतिग्रस्त होने के साथ उसमें रखे 12 हजार रुपये चोरी होने का आरोप लगाकर अज्ञात के खिलाफ शिकायत की है।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर ने बताया कि अधिवक्ता अरुण सिंह की शिकायत पर चोरी और तोड़फोड़ की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर मौके पर दो अधिवक्ता काकोरी निवासी संतोष पांडेय और गोमतीनगर निवासी अभिनय शुक्ला को कस्टडी में लेकर शांतिभंग की धारा में उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।