मलिहाबाद। मोहम्मदनगर के रहमतनगर गांव में जमीन विवाद में हुए तिहरे हत्याकांड की पैरवी कर रहे फरीद अहमद ने अपनी हत्या की आशंका जताई है। फरीद ने मुख्य आरोपी लल्लन के बेटे एराज और उसके साथी अशर्फी व रामदेव पर साजिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
फरीद के मुताबिक दो फरवरी 2024 को हिस्ट्रीशीटर लल्लन, उसके बेटे फराज, अशर्फी और फुरकान ने उनकी पत्नी फरीन, बेटे हंजला और चचेरे भाई मुनीर की गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस मामले में फरीद की पैरवी के कारण लल्लन व फराज की जमानत नहीं हो सकी है। फरीद का आरोप है कि, एक नवंबर को एराज, अशर्फी और रामदेव ने पूर्व में उनके यहां चौकीदार रहे नन्हक्के से उनकी दिनचर्या की जानकारी ली। आशंका जताई कि आरोपी उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। इंस्पेक्टर मलिहाबाद सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर आपराधिक धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।