फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: भूतनाथ मार्केट में भिड़े वकील व व्यापारी नेता, व्यापारियों ने दी बाजार बंद करने की चेतावनी

Wed, 15 Mar 2023 02:10 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। भूतनाथ मार्केट में मंगलवार शाम वकील व व्यापारी नेता में विवाद हो गया। दोनों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। व्यापारी नेता के मुताबिक वकील ने साथियों संग उन पर हमला किया, जबकि वकील का आरोप है कि व्यापारी नेता ने उनके चैंबर में घुसकर महिलाकर्मी से बदसलूकी की। पुलिस ने दोनों तरफ से केस दर्ज कर जांच शुरू की है। देर शाम को व्यापारी नेता की पिटाई की सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसकी सूचना पर बाजार में कई व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि 24 घंटे में कार्रवाई न हुई तो बृहस्पतिवार को बाजार बंद कर प्रदर्शन करेंगे।
विज्ञापन


व्यापारियों ने भूतनाथ मार्केट में अतिक्रमण को लेकर नगर निगम व अन्य विभागों से शिकायत की थी। मंगलवार को विभागीय टीम जांच के लिए पहुंची थी। टीम की जांच के बाद वकील व व्यापारी नेता के बीच विवाद हो गया। भूतनाथ आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल अग्रवाल के मुताबिक कि दोपहर में बाजार की समस्याओं को जानने के लिए जिम्मेदार विभाग के अधिकारी पहुंचे थे। उनको अतिक्रमण की जानकारी देने के बाद वह शाम चार बजे के करीब अपनी दुकान के लिए जा रहे थे तभी अतुल मिश्रा ने खुद को बार काउंसिल का पूर्व अध्यक्ष बताते हुए उनकी पिटाई शुरू कर दी। अतुल के साथ मौजूद जयराज जैन ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

उधर, वकील की तरफ से चैंबर पर काम करने वाली महिला ने बताया कि उसके भाई सुनील कुमार अतुल मिश्रा के यहां मुंशी का काम करते थे। उनकी मौत के बाद वह चैंबर में साफ-सफाई व देखरेख का काम करने लगी। पीड़िता के मुताबिक मंगलवार शाम को कमल अग्रवाल, अजय सक्सेना, राजेश सक्सेना व अन्य साथियों के साथ आए और चैंबर के बारे में जानकारी करने लगे। इस दौरान अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए अभद्रता करने लगे।
विज्ञापन





कार्रवाई नहीं तो बृहस्पतिवार को बंद रहेगा बाजार
भूतनाथ आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष कमल अग्रवाल की पिटाई से पूरी मार्केट के दुकानदारों में आक्रोश है। कमल अग्रवाल ने सभी को साथ आने के लिए कहा है। इसपर लखनऊ भूतनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने भी समर्थन जताया। इसके बाद उ.प्र. आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष मो. अफजल, ट्रांसगोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्रा, वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा, महामंत्री सुहैल हैदर अल्वी ने व्यापारियों के साथ मिलकर बैठक की। सभी ने एकजुट होकर कहा कि 24 घंटे में अधिवक्ता का लाइसेंस रद्द हो, व्यापारी पर दर्ज मुकदमा वापस हो और पिटाई करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी की जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो बृहस्पतिवार को भूतनाथ मार्केट बंद कर प्रदर्शन किया जाएगा। डीसीपी उत्तरी एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। भूतनाथ मार्केट के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पड़ताल में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें