बेकाबू कार ने ली मॉर्निंग वॉक पर निकले अधिवक्ता व उनकी पत्नी की जान
गोसाईंगंज थानाक्षेत्र में शुक्रवार को मॉर्निंग वॉक से घर लौट रहे अधिवक्ता शीतला प्रसाद (50) और उनकी पत्नी मालती (46) को बेकाबू कार ने टक्कर मार दी। दोनों की अस्पताल में मौत हो गई।
इंस्पेक्टर सचिन कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बताए वाहन नंबर के आधार पर कार मालिक का पता लगाया जा रहा है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि एडवोकेट शीतला प्रसाद माढरमऊ गांव के रहने वाले थे और कुछ साल पहले ही खुर्दही बाजार में मकान बनवाकर यहां रहने आए थे।
शुक्रवार सुबह करीब सवा पांच बजे दंपती टहलकर लौट रहे थे, तभी अतुल मार्केट के पास पेट्रोल पंप के सामने गोसाईंगंज से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती उछलकर दूर जा गिरे।
सूचना पर पहुंची पुलिस घायल दंपती को अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार पेट्रोल पंप के पास हलके मोड़ पर बेकाबू हो गई थी और दंपती को कुचल दिया।
पूर्व शासकीय अधिवक्ता थे, वकीलों में शोक की लहर
शीतला प्रसाद पूर्व शासकीय अधिवक्ता थे, जिसके चलते उनका सामाजिक दायरा बड़ा था। वकीलों ने शीतला प्रसाद और उनकी पत्नी की हादसे में मौत की खबर सुनी तो शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम हाउस के बाद उनके घर पहुंचकर सैकड़ों वकीलों ने परिवारीजनों से संवेदनाएं जताईं।