जनेश्वर मिश्र पार्क में बनेगा एडवेंचर स्पोर्ट्स हब
लखनऊ। जनेश्वर मिश्र पार्क में रोमांचप्रिय लोगों के लिए एडवेंचर स्पोर्ट्स का नया ठिकाना तैयार हो रहा है। पार्क में 15 मीटर ऊंचे मल्टी एक्टिविटी टॉवर का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर दर्शक जिपलाइन, स्काई साइक्लिंग, राइफल शूटिंग, आर्चरी, जाॅइंट स्विंग, रोलर कोस्टर और बुलराइड जैसे साहसिक खेलों का आनंद ले सकेंगे।
बुधवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पार्क का निरीक्षण कर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि गेट नंबर-4 के पास 1.5 एकड़ क्षेत्र में विशेष एडवेंचर जोन विकसित किया जा रहा है, जो पाथवे से जुड़ा होगा। खानपान के लिए दो कैंटीन भी संचालित की जाएंगी। उपाध्यक्ष ने तीन माह के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
जनेश्वर मिश्र पार्क में जलाशय व रोज गार्डेन की ओर से राष्ट्रध्वज की तरफ जाने के लिए लोगों को लंबा चक्कर लगाकर काफी दूरी तय करनी पड़ती है। इस पर नया पैदम मार्ग बनाने को कहा। सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं होने पर सम्बंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्यदायी संस्था विमला एसोसिएट की रिपोर्ट तलब की है। निरीक्षण के दौरान उद्यान अधिकारी शशि कुमार भारती, अधिशासी अभियंता मनोज सागर, अजीत सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मरीन ड्राइव पर जल्द शुरू होगा फूड कोर्ट
एलडीए उपाध्यक्ष ने मरीन ड्राइव पर एडीसीपी कार्यालय के पास रिवर फ्रंट पर बनाए जा रहे फूड कोर्ट का भी निरीक्षण किया। पीपीपी मॉडल के तहत यहां 10 दुकानों को एक माह में शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। लक्ष्मण मेला स्थल पर गोमती नदी में वॉटर स्पोर्ट्स सुविधाओं का भी जायजा लिया, जहां जेटस्की, स्पीडबोट और मोटरबोट का ट्रायल रन किया जा रहा है। उपाध्यक्ष ने सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने, फूड कियोस्क, ऑफिस वेटिंग एरिया और व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।