फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बदल रहा सोने की तस्करी का तरीका, अब मास्टरमाइंड अपना रहे नए हथकंडे

Mon, 30 Sep 2019 11:13 AM IST
लखनऊ ब्यूरो नीरज ‘अम्बुज’, अमर उजाला लखनऊ
विज्ञापन
gold smuggling
विज्ञापन
सोने के बिस्कुट की तस्करी अब पुरानी बात हो गई है। ऐसे मामले कभी-कभार ही सामने आते हैं। अब तस्कर नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। ऐसे में कस्टम विभाग को और चौकन्ना रहना पड़ रहा है। पिछले करीब डेढ़ साल में अमौसी एयरपोर्ट पर तस्करी के 58 मामले पकड़े गए हैं, जिसमें 18 तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं और उनसे कस्टम ने 10.89 करोड़ रुपये का करीब 24 किलो सोना बरामद किया गया है।
विज्ञापन


चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर तस्करी का माल पकड़ने के लिए अत्याधुनिक स्कैनर लगे हैं। इनकी नजर से तस्कर बच भी गए तो कस्टम की टीम उन्हें दबोच लेती है। टीम लगातार सोने की तस्करी के बदले ट्रेंड का भी विश्लेषण कर रही है।

कस्टम अधिकारियों ने बताया कि तस्करी के अधिकतर मामले दुबई व मस्कट की फ्लाइटों से मिलते रहे हैं। पर, कुछ समय से बैंकाक की फ्लाइटों से भी तस्करी पकड़ी गई है। इसके लिए नए-नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
विज्ञापन


जरूरतमंदों को बना रहे शिकार
कस्टम अधिकारियों ने बताया कि अब फ्रीक्वेंट फ्लायरों की जगह ऐसे लोगों का तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा है जो साल-डेढ़ साल में एकाध बार यात्रा करते हैं। इतना ही नहीं ऐसे जरूरतमंद भी शामिल किए जा रहे हैं जो पासपोर्ट, वीजा या नौकरी के चलते खाड़ी देशों में फंस जाते हैं।

पासपोर्ट एक्ट के तहत कार्रवाई
सोना बरामद करने के बाद ऐसे तस्कर भी होते हैं, जो छूट जाते हैं। इनकी डिटेल बाकायदा यात्रा व सोने के विवरण के साथ पासपोर्ट कार्यालय भेजी जाती है, ताकि पासपोर्ट एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सके। बार-बार तस्करी करने वालों का पासपोर्ट तक निरस्त करवाया जा चुका है।

केस 1

सोने के पिस्ते, मार्कर पेन में छिपाया सोना
आठ फरवरी को ओमान एयर की मस्कट से लखनऊ की फ्लाइट से आए यात्री से कस्टम ने 40 लाख रुपये का 1,159 ग्राम सोना बरामद किया। तस्कर ने मार्कर पेन में स्याही वाली रॉड की जगह सोने की रॉड छिपाकर रखी थी। उसने पिस्ते से ड्राईफ्रूट निकालकर उसकी जगह सोना छिपाकर रखा था।

केस 2
पहली बार पकड़ा गोल्ड पाउडर
16 जून को थाई स्माइल की बैंकॉक से लखनऊ पहुंची फ्लाइट में कस्टम ने पहली बार सोने के पाउडर के साथ तस्कर को पकड़ा। वह 269 ग्राम सोने के पाउडर को प्लास्टिक की पन्नी में छिपाकर ला रहा था। तस्कर इसे बवासीर की दवाई बताकर ला रहा था। सोने की कीमत 9.23 लाख रुपये थी।

केस 3
सोने से बनाया ट्रॉली बैग का हैंडल
दुबई से लखनऊ आ रहे दो शातिरों को दो फरवरी को 1.28 करोड़ रुपये के करीब चार किलो सोने के साथ पकड़ा गया। तस्करों ने सोने को ट्रॉली बैग के हैंडल में ढाला था। ऐसे ही 21 जनवरी को मस्कट से लखनऊ की फ्लाइट में तस्कर से 19 लाख का 564 ग्राम सोना पकड़ा गया। सोना अटैची में लोहे की पट्टी के बीच बिडिंग के रूप में छिपाया गया था।

केस 4
हाईप्रेशर वॉशर मशीन में 30 लाख का सोना
दुबई से लखनऊ पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट से 20 जुलाई को एक यात्री के पास से 30 लाख का 816 ग्राम सोना बरामद किया गया। इसे हाईप्रेशर वॉशर मशीन की शीट के रूप में छिपाया गया था। 17 मई को बैंकॉक से लखनऊ पहुंची महिला यात्री ने 24 लाख के सोने पर रेडियम की पॉलिश कर लेडीज पर्स व कार्गो पैंटों में छिपाकर रखा था।

केस 5
खोखली हथौड़ी में भरा सोना
कस्टम ने 22 मार्च को दुबई से लखनऊ आने वाली फ्लाइट आईएक्स-194 से 32 लाख से अधिक का सोना बरामद किया। इसका वजन 933 ग्राम था। तस्करों ने हथौड़ी के हत्थे को अंदर से खोखला कर उसमें सोना छिपाया था, जो जांच में पकड़ा गया।
विज्ञापन

तस्करों ने अपनाए ये नए तरीके

  • 19 जनवरी को मस्कट से लखनऊ आए यात्री ने 16 लाख का सोना टॉर्च की बैटरी में छिपाया था।
  • 18 फरवरी को तस्कर 31 लाख का सोना सैंडल के हुक व इलेक्ट्रिक हॉट प्लेट में लाए।
  • 29 मई को बैंकाक से आए यात्रियों ने सोने को लैपटॉप बैग की सिलाई में छिपाया था।
  • 26 अप्रैल को दुबई से आए यात्री ने ट्रॉली बैग की बिडिंग में सोना छिपाया।
  • 7 फरवरी को मस्कट से पहुंचे तस्कर ने सोने से बनाई रेती व एक्सटेंशन वायर।
  • 27 मई को दुबई से लखनऊ पहुंचे तस्कर ने चॉकलेट के रैपर में छिपाया था सोना।
  • 28 अप्रैल को मस्कट से आए यात्री ने जींस की बेल्ट एरिया के नीचे, चाकू-चम्मच व सेलो टेप में सोना छिपाया था।

इतना सोना बरामद
  • 2018-19 2019-20
  • केस दर्ज 46 12
  • सोना बरामद 19.32 किलो 4.60 किलो
  • कीमत 9.30 करोड़ 1.59 करोड़
  • गिरफ्तारियां 16 2
  • विदेशी मुद्रा व सिगरेट भी बरामद

अमौसी एयरपोर्ट पर सिर्फ सोने की तस्करी के मामले ही नहीं पकड़े गए हैं, बल्कि करोड़ों रुपये की विदेशी मुद्रा व सिगरेटें भी पकड़ी गई हैं। वर्ष 2018-19 में 1.74 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा व 1.14 करोड़ की विदेशी सिगरेटें पकड़ी गईं। इनके कुल 24 मामले दर्ज किए गए।

तस्करी रोकने को नई योजनाएं
तस्करी के ट्रेंड में तेजी से बदलाव आया है। मार्कर पेन, गोल्ड पाउडर व पेस्ट, हथौड़ी, आयरन एलीमेंट और ट्रॉली बैग के हैंडल तक में सोना छिपाकर लाया जा रहा है। तस्करी रोकने के लिए नई योजनाएं बनाई जा रही हैं।’
- निहारिका लाखा, डिप्टी कमिश्नर, कस्टम (अमौसी एयरपोर्ट)
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें