नेशनल कॉलेज में स्नातक की सीटें फुल
लखनऊ। नेशनल पीजी कॉलेज में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए चल रही काउंसलिंग प्रक्रिया बुधवार को संपन्न हो गई। कॉलेज में अंतिम दिन बीएससी बायो की सभी 100 सीटों पर दाखिले हो गए। महाविद्यालय की ओर से आयोजित लखनऊ यूनिवर्सिटी एसोसिएट कॉलेजेस मैनेजमेंट एडमिशन टेस्ट (लुआकमैट-2019) की काउंसलिंग आठ जुलाई से 13 जुलाई के बीच होगी। इसके जरिए नेशनल कॉलेज समेत राजधानी के 12 प्रतिष्ठित कॉलेजों में स्नातक के प्रोफेशनल और मैनेजमेंट कोर्स में दाखिले होंगे।
प्रवेश समन्वयक डॉ. राकेश जैन ने बताया कि विभिन्न महाविद्यालयों में बीकॉम ऑनर्स, बीबीए, बीजेएमसी और बीवोक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए हुई प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट पहले ही जारी हो चुका है। अब इनकी काउंसलिंग होनी है। बीकॉम ऑनर्स की काउंसलिंग आठ से नौ जुलाई, बीबीए की काउंसलिंग 10 व 11 जुलाई और बीसीए की काउंसलिंग 12 व 13 जुलाई को होगी। अभ्यर्थियों को अपने सभी प्रमाणपत्रों के साथ रिपोर्ट करना होगा। कॉलेज के परास्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए कार्यक्रम पहले ही जारी हो चुका है।