लखनऊ। नेशनल पीजी कॉलेज में शैक्षिक सत्र 2026-27 में 3020 सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन 16 जनवरी से लिए जाएंगे। यह निर्णय बुधवार को प्रवेश समिति की बैठक में लिया गया। प्रवेश से जुड़ी व्यवस्थाएं देखने के लिए हिंदी विभाग के शिक्षक डॉ. रामकृष्ण को जिम्मेदारी सौंपी गई। अभ्यर्थी प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी इनसे ले सकेंगे।
प्राचार्या प्रो. देवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रवेश परीक्षा की तिथियां व समय वेबसाइट पर बाद में अपलोड किया जाएगा। विदेशी विद्यार्थियों के लिए सीटें आरक्षित करने का भी फैसला बैठक में लिया गया। इनके प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश व प्रक्रिया अलग से लागू होगी। वेबसाइट पर इसकी जानकारी जल्द अपलोड की जाएगी।
पहली बार शुरू होगा ये डिग्री प्रोग्राम
बीकॉम में पहली बार अप्रेंटिसशिप एमबीडेड डिग्री प्रोग्राम के तहत प्रवेश लिए जाएंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक अध्ययन के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण (अप्रेंटिसशिप) का अवसर भी दिया जाएगा।
परास्नातक में 620, स्नातक की 2400 सीटें
परास्नातक में 620 सीटों पर दाखिले होंगे। इनमें एमए एंथ्रोपोलॉजी, एमए इकनॉमिक्स, एमए इंग्लिश, एमए जियोग्राफी, एमए पॉलीटिकल साइंस, एमए साइकोलॉजी, एमकॉम पब्लिक हेल्थ, एमएससी केमिस्ट्री, एमएससी जॉइनफार्मेटिक्स, बैंकिंग, स्टॉक व इंश्योरेंस में प्रवेश होंगे। स्नातक में 2400 सीटों पर दाखिले लिए जाएंगे। बीए, बीएजेएमसी, बीबीए, बीबीए डिजिटल बिज़नेस, बीसीए, बीकॉम, ई कॉमर्स, बीएससी मैथ में सीटें हैं।
ऐसे कर सकेंगे आवेदन
अभ्यर्थी महाविद्यालय की वेबसाइट www.npgc.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।