पुनर्वास विवि : बीकॉम में प्रवेश शुरू, बीए में 70 सीटें भरी
डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में बीए के साथ शनिवार से बीकॉम में प्रवेश शुरू हो गए। हालांकि पहले दिन अपेक्षाकृत कम विद्यार्थी प्रवेश के लिए पहुंचे। अगली काउंसलिंग मंगलवार को होगी। बीए में जहां 72 प्रवेश हुए वहीं बीकॉम में 15 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया।
विश्वविद्यालय की स्नातक कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हुई है। इस क्रम में शनिवार को बीकॉम के विद्यार्थियों को निर्धारित मेरिट के अनुसार बुलाया गया था। 120 सीटों के सापेक्ष अनारक्षित वर्ग के 60 विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए बुलाया गया था, जिसमें से लगभग 24 विद्यार्थी प्रवेश के लिए उपस्थित हुए। कुछ विद्यार्थियों के डॉक्यूमेंट पूरा न होने के कारण उन्हें प्रवेश नहीं दिया जा सका।
निदेशक प्रवेश गैर व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रो. अवनीश मिश्रा ने बताया कि सोमवार को बीए में रिजर्व कैटेगरी के और मंगलवार को बीकॉम के रिजर्व कैटेगरी के छात्राें को प्रवेश किया जाएगा। इसी क्रम में जल्द ही परास्नातक कक्षाओं की प्रवेश के लिए भी मेरिट जारी की जाएगी। उनकी प्रवेश प्रक्रिया भी अगले सप्ताह से शुरू हो रही है। वहीं व्यावसायिक कोर्सों की मेरिट भी जारी हो गई है, उनके प्रवेश 12 जुलाई से शुरू हो रहे हैं।
जेएनपीजी में यूजी की सीटें फुल
श्री जय नारायण महाविद्यालय में नए सत्र 2019-20 में बीए, बीकॉम, बीएससी, बीकॉम ऑनर्स, बीबीए, बीपीएड समेत एमकॉम, एमससी की सभी सीटें भर गई हैं। प्राचार्य प्रो. एसडी शर्मा ने बताया कि एलएलबी व एमए समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, अंग्रेजी व हिंदी में कुछ सीटें अभी बची हुई हैं। इसके लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया चल रही है। एलएलबी की दूसरी कट ऑफ के प्रवेश 8 व 9 जुलाई को दोपहर 2 बजे तक होंगे। यूजी-पीजी कोर्स की कक्षाएं 10 जुलाई से शुरू होंगी।
प्रोफार्मा पर ही दें ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र
नवयुग कन्या महाविद्यालय प्राचार्या डॉ. सृष्टि श्रीवास्तव ने छात्राओं से कहा है कि आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण अभ्यर्थी, सरकार द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र निर्धारित प्रोफार्मा में बनवाकर ही प्रवेश के लिए संपर्क करें। उन्होंने बताया कि प्रोफार्मा महाविद्यालय की वेबसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है।