लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में भी स्नातक की प्रवेश प्रक्रिया गति पकड़ने लगी है। इस क्रम में शुक्रवार को श्री जय नारायण मिश्र पीजी कॉलेज (केकेसी) व शिया पीजी कॉलेज ने स्नातक प्रवेश की मेरिट लिस्ट जारी की है। शिया पीजी कॉलेज में तीन सितंबर से तो केकेसी में पांच से प्रवेश काउंसिलिंग शुरू होगी।
केकेसी की सूचना के अनुसार नए सत्र 2022-23 में बीए, बीकॉम, बीएससी मैथ्स, बीएससी बायो, बीएससी कंप्यूटर साइंस, बीएससी स्टेटिस्टिक्स, बीकॉम ऑनर्स, बीबीए आईबी कोर्सों में प्रवेश के लिए अर्ह विद्यार्थियों की पहली मेरिट लिस्ट कॉलेज वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। प्राचार्या प्रो. मीता साह ने बताया कि पहली मेरिट लिस्ट के प्रवेश पांच सितंबर से शुरू होंगे। इस लिस्ट के अभ्यर्थी सात सितंबर तक सुबह 10 से दोपहर 03 बजे तक कॉलेज में उपस्थित होकर अपना प्रवेश सुनिश्चित करा सकते हैं।
शिया पीजी कॉलेज के प्रवेश समन्वयक डॉ. मिर्जा मोहम्मद अबु तैय्यब ने बताया कि नए सत्र 2022-23 में बीए, बीएससी, बीकॉम में प्रवेश के लिए पहली मेरिट लिस्ट कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध है। प्रवेश के लिए चयनित अभ्यर्थी कॉलेज के एडमिशन पोर्टल पर जाकर एचडीएफसी बैंक में ऑनलाइन फीस जमाकर आगे की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। प्रवेश काउंसिलिंग ऑनलाइन ही होगी। किसी भी दिक्कत पर विद्यार्थी कॉलेज में या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
नेशनल पीजी में बीए की 300 सीटें भरी
नेशनल पीजी कॉलेज में बीए में प्रवेश की प्रक्रिया दूसरे दिन शुक्रवार को बीए की 440 सीटों के सापेक्ष 200 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दो दिन में 300 अभ्यर्थियों ने अपना प्रवेश सुनिश्चित कराया। शनिवार को भी बीए प्रवेश की काउंसिलिंग होगी। कक्षाएं नौ सितंबर से शुरू होंगी।