चारबाग रेलवे स्टेशन से 200 मीटर दूरी पर स्थित पांच मंजिला दो होटलों में मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अचानक लगी आग से डेढ़ साल की मासूम व महिला समेत शाम तक छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में 15 लोग झुलस गए थे।
हादसे के वक्त दोनों होटलों में करीब 70 लोग ठहरे हुए थे और अधिकांश सो रहे थे। 50 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। पुलिस ने दोनों होटल मालिकों व कर्मचारियों के खिलाफ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
एएसपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक पान दरीबा मार्केट के पास 42 कमरों वाले एसएसजे इंटरनेशनल होटल के बेसमेंट में सुबह करीब साढ़े पांच बजे आग लग गई। बेसमेंट में रसोई और बियर बार है, जिससे आग तेजी से फैली। होटल में ठहरे लोगों को जब तक पता चलता, पूरा होटल लपटों से घिर चुका था। लपटें इतनी तेज निकल रहीं थीं कि बगल के होटल विराट इंटरनेशनल को भी चपेट में ले लिया। आग से होटलों में ठहरे लोगों में भगदड़ मच गई। आग का विकराल रूप देख आसपास के लोग भी दहशत में आ गए। सूचना मिलने पर पहुंची दमकल की 14 गाड़ियों को आग बुझाने में 9 घंटे मशक्कत करनी पड़ी।