लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. सीएम सिंह के मुताबिक, जनसंख्या नियंत्रण में पुरुषों की भागीदारी बेहद जरूरी है। नसबंदी कराने के मामले में अभी महिलाओं की संख्या ज्यादा है। अगर पुरुष भी इस दिशा में आगे बढ़ें तो सकारात्क परिणाम मिल सकते हैं। प्रो. सिंह शनिवार को विश्व जनसंख्या दिवस पर जिला ग्रामीण स्वास्थ्य एवं प्रशिक्षण केंद्र जुग्गौर में हुए जागरूकता कार्यक्रम में बोल रहे थे।
कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. एसडी कांडपाल ने कहा कि माता-पिता की शारीरिक व मानसिक परिपक्वता स्वस्थ संतान के लिए अनिवार्य है। इसलिए कम उम्र में विवाह नहीं होने चाहिए। जनरल सर्जरी विभाग के डॉ. नीलाभ अग्रवाल ने कहा कि पुरुष नसबंदी सुरक्षित, सरल और स्थायी परिवार नियोजन विधि है। इस माैके पर दंपतियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी हुई। इसमें प्रथम स्थान गीता और कृष्णा, द्वितीय स्थान प्रीति और रिंकू, तृतीय स्थान हसीना बानो और मोहम्मद नसीम ने प्राप्त किया। इस माैके पर डाॅ. विनीता शुक्ला और अन्य स्टाफ माैजूद रहा।