बैंक कर्मी आपकी बात नहीं सुनता। सवालों के जवाब नहीं देता। आपके छोटे-छोटे कामों को टरकाता है तो आपकी एक शिकायत पर ऐसे बैंक कर्मियों व अधिकारियों पर गाज गिरेगी। उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने ग्राहकों के लिए ‘अभिवादन से अभिनंदन’ तक अभियान शुरू किया है। गुरुवार को बैंक के 66वें स्थापना दिवस पर एसबीआई लखनऊ मंडल के मुख्य महाप्रबंधक अजय कुमार खन्ना ने बताया कि इस अभियान के तहत ग्राहकों के पास जाकर बैंकिंग सुविधा के बारे में फीडबैक लिया जा रहा है। काम में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों पर उपभोक्ताओं की शिकायतों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। एसबीआई लखनऊ मंडल की टीम शाखाओं में जाकर ग्राहकों की समस्याओं की सुनवाई भी कर रही है। इसके लिए उन शाखाओं का चयन किया गया है, जहां से सबसे ज्यादा शिकायतें आ रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ग्राहकों की सुविधा के लिए पर्सनल लोन की प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है। इससे अब ग्राहकों को अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
स्थापना दिवस पर किया पौधरोपण
एसबीआई ने गुरुवार को 66वें स्थापना दिवस पर जवाहर भवन स्थित नेहरू वाटिका पार्क में पौधरोपण कर मिठाई बांटी। जवाहर भवन इंदिरा भवन कर्मचारी महासंघ की देखरेख में एसबीआई जवाहर भवन शाखा ने वाटिका में रुद्राक्ष, आम, अशोक व नीम के पेड़ लगाए। कार्यक्रम संयोजक सहायक महाप्रबंधक संजय कुमार चौबे, जवाहर भवन इंदिरा भवन कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सतीश कुमार पांडेय ने बैंक की योजनाओं की जानकारी दी। महामंत्री सुशील कुमार बच्चा भी मौजूद रहे।
राज्यपाल ने सखी योजना को किया प्रोत्साहित
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को राजभवन में भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत महिला कर्मियों के लिए चल रही ‘सखी परियोजना’ को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि स्टेट बैंक की ओर से महिला बैंक कर्मियों के सशक्तीकरण का यह अनूठा प्रयास है। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उनकी कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। उन्होंने सभी सखियों से बात भी की। वहीं एसबीआई लखनऊ मंडल के मुख्य महाप्रबंधक अजय कुमार खन्ना ने बताया कि सखी परियोजना के अंदर महिला कर्मी को अपने कार्य स्थल पर कार्य शैली, जीवन चर्या व वातावरण में किसी प्रकार की असुविधा हो रही है तो वह सखी से विचार विमर्श करती है। समस्या के निराकरण के लिए निर्धारित गाइड लाइन के तहत हर संभव उपाय किए जाते हैं, ताकि नवनियुक्त महिला कर्मियों को कोई परेशानी न हो। वर्तमान में लखनऊ मंडल में 366 नवनियुक्त महिला कर्मी हैं, जिनका मार्गदर्शन 50 सखियां कर रही हैं।
एसबीआई ने गोद लिए 12 वन्यजीव
स्थापना दिवस पर एसबीआई ने लखनऊ जू के 12 वन्यजीवों को गोद लिया। उद्यान के निदेशक आरके सिंह ने बताया कि एसबीआई लखनऊ मंडल के सीजीएम अजय कुमार खन्ना व जीएम दिग्विजय सिंह रावत ने सफेद बाघ, तेंदुआ, हिमालयन काला भालू, जिराफ, चिम्पैंजी, सफेद मोर, शुतुरमुर्ग, वाइपर स्नेक, भारतीय कोबरा, रैट स्नैक, मगरमच्छ, घड़ियाल को चार माह के लिए गोद लिया है। वहीं बालरेल व टिकट प्रिंटिंग मशीन का रखरखाव एसबीआई करेगा।