लखनऊ। रात्रि गश्त में लापरवाही बरतने और ड्यूटी से गैरहाजिर मिलने पर पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इनमें तीन को लाइन हाजिर किया गया है, जबकि दो चौकी प्रभारियों को थाने से संबद्ध कर दिया गया है। सभी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त के आदेश पर पूर्वी, दक्षिणी और मध्य जोन में रात्रि गश्त की जांच कराई गई। पूर्वी जोन में गाजीपुर थाने की अरावली चौकी प्रभारी अर्चना और चिनहट थाने की कमता चौकी प्रभारी शशिकांत ड्यूटी से गैरहाजिर मिले। दोनों को चौकी प्रभारी पद से हटाकर थाने से संबद्ध कर दिया गया।
दक्षिणी जोन में सरोजनीनगर थाने के उपनिरीक्षक आशीष कुमार और सिपाही सतेंद्र यादव को लाइन हाजिर किया गया। मध्य जोन में महानगर थाने की निशातगंज चौकी प्रभारी सत्येंद्र कुमार भी रात्रि गश्त से गायब मिले। उन्हें भी लाइन हाजिर कर दिया गया।