अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी।
- फोटो : amar ujala
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने जिलों, रेंज व जोन में तैनात अधिकारियों से कहा है कि वे क्षेत्र का ज्यादा से ज्यादा भ्रमण करें। थानों व गांवों में जाकर सही स्थिति का आकलन करें। वे रविवार को जिलों, रेंज व जोन के अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर रहे थे।
उन्होंने सोशल मीडिया पर नजर रखते हुए रिस्पांस टाइम को और बेहतर करने के भी निर्देश दिए। कहा, महिला व बाल अपराधों में लिप्त अपराधियों को पैरवी कर कड़ी सजा दिलाएं। उन्होंने जिला स्तर पर निगरानी समितियों की नियमित बैठकें कराने और चिह्नित माफिया व अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने इन अपराधियों के खिलाफ चल रहे मुकदमों में जल्द चार्जशीट दाखिल करने और अधिकतम सजा दिलाने के लिए पैरवी की जाए। शासन स्तर से चिह्नित 50 माफिया पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की जा रही है। अवस्थी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 14 मई को प्रस्तावित राष्ट्रीय लोक अदालत में पिछली लोक अदालत के मुकाबले दो गुना वादों का निपटारा समझौते से कराने का प्रयास करें।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए न्यायालय में अधिकारियों की भी हो उपस्थिति
वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान फील्ड के अधिकारियों ने सुझाव दिया कि जिस तरह से माफिया और कुख्यात अपराधियों पर न्यायालय में चल रहे मुकदमों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी की सुविधा है उसी तरह पुलिस अधिकारियों की न्यायालयों में उपस्थिति भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कराई जाए। अपर मुख्य सचिव गृह ने कहा कि इस पर विचार किया जाएगा।