लखनऊ। सेवानिवृत्त कर्मचारी ने सीएमओ ऑफिस में चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिल पास कराने के लिए चार माह से दौड़ाए जाने का आरोप लगाया है। बुधवार दोपहर सीएमओ ऑफिस पहुंचे बुजुर्ग ने महिला बाबू के तंग करने की शिकायत की। अफसर को व्यथा सुनाते हुए वह रो पड़े। इस पर चिकित्सा प्रतिपूर्ति के नोडल ने महिला बाबू को फोन कर बिल पास करने के निर्देश दिए।
शारदा सहायक विभाग से सेवानिवृत्त प्रेम प्रकाश साहू ने जनवरी में चिकित्सा प्रतिपूर्ति का बिल सीएमओ ऑफिस में जमा किया था। उन्होंने महिला बाबू पर चार महीने से तंग करने का आरोप लगाया। पीड़ित इसकी शिकायत लेकर सीएमओ कक्ष में गए, लेकिन वे नहीं मिले। फिर चिकित्सा प्रतिपूर्ति के नोडल डॉ. एपी सिंह के कमरे में पहुंचकर रोने लगे। अफसर ने समस्या के निराकरण का आश्वासन दिया। डॉ. एपी सिंह ने बताया कि बिल पास करके संबंधित विभाग में भिजवाया जा रहा है।