सरोजनीनगर। बिजनौर क्षेत्र में मंगलसूत्र लूटने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूटा माल भी बरामद कर लिया गया है।
थाना प्रभारी कपिल गौतम के मुताबिक न्यू गुडौरा निवासी राहुल यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी मां अंजू यादव एक मार्च की रात करीब 8:00 बजे बाजार से सब्जी लेकर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान न्यू गुड़ौरा स्थित भारत पेट्रोलियम के पीछे वाली सड़क पर अज्ञात युवक ने उनका मंगलसूत्र झपट्टा मारकर छीन लिया और भाग गया। 28 मार्च की रात पुलिस ने अभिषेक रावत उर्फ नाटिया (22) निवासी छुआरा खेड़ा, न्यू गुड़ौरा को मनीष यादव गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में लूटा गया मंगलसूत्र बरामद हुआ। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कृष्णानगर स्थित तेल कंपनी में काम करता है और राहगीरों की रेकी कर अंधेरे का फायदा उठाकर लूट की वारदात को अंजाम देता था। (संवाद)