लखनऊ। युवती से दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाले आरोपी अरशद को मदेयगंज पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। मामले में नामजद आरोपी के रिश्तेदार राशिद व दोस्त तनवीर की भूमिका की जांच पुलिस कर रही है।
एडीसीपी मध्य मनीषा सिंह के अनुसार, युवती ने बताया कि डेढ़ साल पहले बर्थडे पार्टी में उनकी मुलाकात डालीगंज निवासी कपड़ा दुकान में काम करने वाले मो. अरशद से हुई थी। इसके बाद बातचीत होने लगी। वह बहाने से उन्हें गोमतीनगर के होटल में ले गया और दुष्कर्म किया। विरोध पर शादी का वादा कर चुप करा दिया। इस दौरान उसने दो बार उनका गर्भपात करा दिया। जब शादी की बात कही तो धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगा। इन्कार कर उन्होंने दूरी बना ली तो राशिद और तनवीर से जान से मारने की धमकी दिलवाई। शुक्रवार को युवती ने मदेयगंज थाने में केस दर्ज कराया था।