लखनऊ। मानकनगर में रविवार शाम मानसिक मंदित युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी पारा हंसनखेड़ के सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी दुर्गविजय को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कूटी बरामद कर ली है।
एडीसीपी मध्य जितेंद्र कुमार दुबे के मुताबिक रविवार शाम छह बजे युवती घर के पास अकेले घूम रही थी। दुर्विजय ने स्कूटी से चार चक्कर काटे और फिर घुमाने का लालच देकर उसे साथ ले गया। काफी देर तक युवती घर नहीं पहुंची तो परिजन ने खोजबीन शुरू की। पड़ोस में रहने वाले बच्चे ने घटना की जानकारी दी।
घरवालों ने मानकनगर थाने में केस दर्ज कराया। इस बीच दुर्विजय युवती को काकोरी ले गया और दुष्कर्म करने के बाद सड़क किनारे छोड़ भाग निकला। रविवार देर रात काकोरी पुलिस ने उन्हें युवती के सड़क किनारे मिलने की सूचना दी थी। आनन-फानन पुलिस पहुंची और युवती को अस्पताल पहुंचाया। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने दुर्गविजय यादव की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।