लखनऊ। सरोजनीनगर के कैलाश विहार में मंगलवार देर रात बड़े भाई अश्वनी कुमार (33) की हत्या के आरोप छोटे भाई गौरव को पुलिस ने शुक्रवार को कैलाश विहार मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया। इस मामले में पिता राजेश कुमार स्वर्णकार ने आरोपी बेटे के खिलाफ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया था।
एसीपी कृष्णानगर विकास पांडेय ने बताया कि दोनों भाई मूल रूप से आशियाना के रजनीखंड इलाके के रहने वाले थे। वे दोनों सोनू व मोनू के साथ सरोजनीनगर के कैलाश विहार में किराये पर रहकर अमौसी औद्योगिक क्षेत्र स्थित पान मसाला फैक्टरी में काम करते थे। मंगलवार रात कमरे पर अश्वनी अकेला था। इस बीच छोटा भाई गौरव शराब के नशे में पहुंचा। खाना बनाने व शराब के लिए रुपये को लेकर गौरव बड़े भाई अश्वनी से झगड़ा करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि गौरव ने सब्जी काटने वाले चाकू से अश्वनी के गले व सिर पर वार कर दिया। कुछ देर के बाद गौरव उन्हें खून से लथपथ हालत में सीएचसी लेकर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।