लखनऊ। कृष्णानगर के आजाद नगर में गली नंबर दो निवासी काकोली मलिक ने पड़ोसियों पर संपत्ति के लिए बेटे को हनी ट्रैप में फंसाने का आरोप लगाया है। उसकी शादी कराने का दावा किया। यह आरोप भी लगाया कि पांच लाख रुपये की रंगदारी के विरोध पर उन पर जानलेवा हमला किया गया।
काकोली के मुताबिक पड़ोस में रहने वाली स्नेहा कन्नौजिया, उसकी मां शशि कन्नौजिया, रमा कन्नौजिया, कृष्णा विमल व अन्य ने उनके बेटे अभिषेक कुमार मलिक को प्रभाव में ले लिया है। उनकी संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की गई।
आरोप है कि 17 अक्तूबर की शाम स्नेहा दो-तीन लोगों के साथ उनके घर पहुंची। पांच लाख रुपये न देने पर बेटे को जहर देकर मारने की धमकी दी। विरोध पर रॉड से हमला कर हाथ तोड़ दिया। पीड़िता ने पुलिस और उच्चाधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। कृष्णानगर इंस्पेक्टर पीके सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर बृहस्पतिवार को एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।