लखनऊ। ठाकुरगंज के गढ़ी पीर खां निवासी मोहम्मद शाहिद ने अपनी बेटी समरीन (24) की दहेज हत्या के आरोप में सआदतगंज के मोमिन नगर निवासी अपने दामाद अल्तमश समीर, उसकी मां शबनम, बहन मंशा, चिन्नी, भाई मोनू और मामा कासिम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी दामाद अल्तमश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है।
मोहम्मद शाहिद के अनुसार, बुधवार रात करीब नौ बजे उनकी बेटी समरीन को उसके ससुराल वालों ने गला घोंटकर मार डाला। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। आनन-फानन बेटी को एरा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात 10:30 बजे दामाद के भाई मोनू ने फोन कर बताया कि समरीन ने आत्महत्या की है। इससे पहले रात 8:30 बजे दामाद और उसकी मां ने फोन पर उनके साथ गाली-गलौज की थी। उस दौरान उन्हें अपनी बेटी की रोने की आवाज सुनाई दे रही थी। इंस्पेक्टर संतोष आर्य ने बताया कि दहेज हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।
शादी के बाद से शुरू कर दी थी दहेज की मांग
मोहम्मद शाहिद ने सात वर्ष पूर्व अपनी बेटी समरीन का विवाह अल्तमश समीर के साथ धूमधाम से किया था। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही ससुराल पक्ष ने बेटी से जेवर और नकदी की मांग शुरू कर दी। जब समरीन उनकी मांगों को पूरा करने में असमर्थता जताती तो उसके साथ मारपीट की जाती और उसे भूखा-प्यासा कमरे में बंद कर दिया जाता था। आरोप है कि दामाद अल्तमश अक्सर उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी देता था। समरीन की छह वर्ष की बेटी फराह है।
आरोपी पति ने कर ली थी दूसरी शादी
समरीन की मां शहजादी ने बताया कि उनके दामाद अल्तमश ने करीब चार महीने पहले हरदोई के शाहाबाद निवासी युवती से दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद अल्तमश का दबाव बढ़ गया था कि समरीन उसे छोड़कर चली जाए। पिछले छह महीनों से अल्तमश समरीन को उसके मायके वालों से बात भी नहीं करते देता था।
पहले भी दर्ज कराई थी एफआईआर
मोहम्मद शाहिद ने बताया कि अल्तमश अक्सर उनके घर आकर गाली-गलौज करता था और कुछ अज्ञात लोगों को भेजकर उन्हें अपमानित भी करवाता था। इससे परेशान होकर उन्होंने पिछले साल अगस्त में अल्तमश के खिलाफ ठाकुरगंज थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई थी।