एसएसपी के फटकार के बाद जागी तालकटोरा पुलिस, छात्र को बंधक बना पीटने वाले तीन गिरफ्तार, दो दरोगा निलंबित
तालकटोरा थानाक्षेत्र में बीए छात्र राहुल रंजन सिंह को बंधक बनाकर पीटने व पिटाई का वीडियो फेसबुक पर अपलोड करने के मामले में एसएसपी की फटकार के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोच लिया।
वहीं, वारदात में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरतने वाले दो दरोगा मानवेंद्र सिंह और जयचंद्र बाबू शर्मा को एसएसपी ने निलंबित कर जांच एएसपी को सौंपी है। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश पुलिस कर रही है।
क्षेत्राधिकारी बाजारखाला अनिल कुमार के मुताबिक, सात अक्तूबर की रात 11 बजे ऐशबाग निवासी राहुल सिंह को मवैया दुर्गा मंदिर के पास से रहीम उर्फ छोटू व उसके साथी ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद जबरन बाइक पर बैठा लिया। उसे मवैया पुल के पास ले जाया गया, जहां एक कार में समद, इसराइल और प्रद्युमन समेत अन्य लोग मौजूद थे।
उसे बाइक से खींचकर कार में बैठाकर इसराइल के ए ब्लॉक स्थित घर ले जाया गया, जहां बेसमेंट में बंधक बनाकर राहुल की हॉकी, डंडों और लात-घूसों से पिटाई की।
इस दौरान अन्य आरोपी अपने मोबाइल से वीडियो भी बना रहे थे। बदमाशों ने उससे अपने पैर भी पकड़वाए। करीब तीन बजे तक राहुल को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।
सुबह करीब चार बजे उसे घर के बाहर फेंककर हमलावर भाग निकले। पुलिस से शिकायत करने पर दबंगों ने राहुल के परिवारीजनों को जान से मारने की धमकी दी।
उधर, रात को ही शगुन ने व्हॉट्सएप पर पिटाई का वीडियो वायरल कर दिया। कई वीडियो फेसबुक पर भी पोस्ट कर दिए गए। चार दिन तक पुलिस टालमटोल करती रही।
इसके बाद किसी तरह शनिवार को इसराइल, प्रद्युमन मिश्रा, शगुन, समद और रहीम उर्फ छोटू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
मुख्य आरोपी संग वीडियो बनाने वाला दबोचा गया
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि वारदात की वीडियो बनाकर फेसबुक पर अपलोड करने वाले शगुन को रविवार दोपहर दबोच लिया गया। इसके बाद मुख्य आरोपी इसराइल को पकड़ा गया। इसके कुछ देर बाद ही पुलिस के हाथ प्रद्युमन मिश्रा भी लग गया। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने जुर्म कुबूल कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।