ई-मेल से खुला कारोबारी की मौत का राज, ब्लैकमेलिंग के चलते अपार्टमेंट से कूदा था, आरोपी दंपती गिरफ्तार
गाजीपुर थानाक्षेत्र के कल्याण अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल से गिरकर मरे कंप्यूटर कारोबारी आशीष गोयल ने ब्लैकमेलिंग के चलते खुदकुशी की थी। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन से मिले एक ई-मेल से मौत के राज का खुलासा करते हुए मंगलवार को पश्चिम बंगाल की दीपिका विश्वकर्मा उर्फ ऐनी और उसके पति कानपुर निवासी फुरकान उर्फ समीर उर्फ रेहान को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दीपिका ने बताया कि वह आशीष के साथ देहरादून गई थी, जहां उसकी अंतरंग फोटो खींच लिए। बाद में फोटो वायरल करने की धमकी देते हुए दीपिका और फुरकान उस पर मकान दिलाने का दबाव डाल रहे थे। इसी दबाव में आशीष ने खुदकुशी कर ली थी।
इंस्पेक्टर बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि महानगर एच रोड निवासी आशीष गोयल करीब दो साल से दीपिका के संपर्क में था। दीपिका कानपुर के चकेरी स्थित पोखरपुर के रहने वाले फुरकान के साथ पत्नी की तरह रहती थी। आशीष को अपने जाल में फंसाने के बाद दोनों ने उसका आर्थिक शोषण शुरू कर दिया।
मौत से कुछ दिन पहले दीपिका के साथ आशीष देहरादून गया था। इंस्पेक्टर का कहना है कि कुछ दिनों से दीपिका और फुरकान उस पर मकान दिलाने का दबाव बना रहे थे। आशीष ने नजरअंदाज किया तो दीपिका ने अपने साथ उसकी अंतरंग फोटो भेजते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। फोटो देखते ही आशीष के होश उड़ गए।
सभी फोटो देहरादून के एक होटल के थे। दो जून की रात आशीष अपनी कार से कल्याण अपार्टमेंट पहुंचा। कार पार्किंग में खड़ी करके वह आठवीं मंजिल स्थित छत पर पहुंचा और छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। काफी देर बाद उसकी पहचान हो सकी थी।
परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। उनका कहना था कि बेटा महानगर एच रोड पर रहता था और कल्याण अपार्टमेंट से उसका कोई लेना-देना नहीं था। वहां आकर खुदकुशी करने की कोई वजह नहीं थी। कोई उसे फुसलाकर छत पर ले गया और धक्का दे दिया।
पुलिस इसी बिंदु पर छानबीन कर रही थी कि आशीष के फोन में एक ई-मेल मिल गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि उक्त ई-मेल आशीष ने अपनी कंपनी को भेजा था। उसमें दीपिका पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए उसने बचने का रास्ता पूछा था।
ई-मेल के अलावा पुलिस को आशीष और दीपिका के देहरादून जाने का टिकट, होटल की बुकिंग के प्रमाण मिल गए। दीपिका के साथ उसके कई फोटो भी मिले जिसके बाद पुलिस दोनों तक पहुंची।