सरोजनीनगर। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोपी अन्नू यादव को बिजनौर पुलिस ने बुधवार को किसान पथ स्थित नटकुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी कपिल गौतम के मुताबिक, थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने तीन अगस्त को सीआरपीएफ चौराहा के दुर्गापुरी कॉलोनी निवासी अन्नू यादव के खिलाफ बिजनौर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप है कि अन्नू ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने शादी के लिए कहा तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने दो टीमें गठित की थीं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2023 में पीड़िता से मिला था और शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार यौन शोषण किया था।