लखनऊ। खुद को एलडीए कर्मी बताकर प्लॉट दिलाने के नाम पर ठगी करने के आरोपी को पीड़ित ने सोमवार को एलडीए कार्यालय से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने ट्रांसपोर्टनगर में प्लॉट दिलाने के नाम पर उससे डेढ़ लाख रुपये लिए थे और बाकी के दो लाख रुपये लेने के लिए उसे एलडीए बुलाया था।
वीर सिंह के मुताबिक, ट्रांसपोर्टनगर में उनकी दुकान के पास 532 वर्गफीट का प्लॉट है। पिछले साल मनोज ने खुद को जोनल अधिकारी मान सिंह का बाबू बताकर 3.50 लाख रुपये में प्लॉट दिलाने का झांसा दिया। उन्होंने पहले 25 हजार और बाद में डेढ़ लाख रुपये दिए। इसके बाद मनोज फोन पर टालमटोल करने लगा।
एलडीए से जानकारी करने पर पता चला कि मनोज नाम का कोई कर्मचारी नहीं है। सोमवार को बाकी रकम देने के बहाने उसे एलडीए बुलाकर पकड़ लिया गया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश चंद्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वीर ने अधिवक्ता के माध्यम से तहरीर भेजने की बात कही है।