लखनऊ। पारा के बुद्धेश्वर ओवरब्रिज के नीचे शनिवार देर रात ठेला लगाने का विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि इस दौरान बीच-बचाव करने आई महिला को दुकानदार ने चप्पलों से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पुलिस ने आरोपी बाबा को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के अनुसार पीड़ित महिला मायापुरम निवासी गंगादेवी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता के पति नन्हा मौर्या बुद्धेश्वर ओवरब्रिज के नीचे राकेश गुप्ता उर्फ बाबा की चाय की दुकान के सामने फल का ठेला लगाते हैं। शनिवार देर रात नन्हा और पास में ठेला लगाने वाले एक अन्य व्यक्ति के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। गंगादेवी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपी राकेश गुप्ता उर्फ बाबा ने उन्हें चप्पलों से पीट दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।