दुबग्गा। काकोरी पुलिस ने लूट के दो मामलों में भागे चल रहे आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया। उसके पास से लूटी गई बाइक बरामद हुई। आरोपी ने बाइक की पहचान छिपाने के लिए उसका रंग-रूप बदल दिया था।
इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के अनुसार, 19 मार्च को रहीमाबाद के अटेर सरसवां गांव निवासी सुमित तिवारी ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लुटेरों ने उनसे बाइक और मोबाइल फोन लूटा था। उसी दिन मौंदा निवासी मनोज से भी बाइक, पैन कार्ड और तीन हजार रुपये नकद लूटे गए थे। एसीपी शकील अहमद के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर आरोपी पानी की टंकी मोड़ पठानगढ़ी निवासी रंजीत कनौजिया (21) को काकोरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर राम प्रसाद बिस्मिल स्कूल के पास से लूटी गई बाइक बरामद की।