पारा। मोहान रोड स्थित शकुंतला मिश्र पुनर्वास विश्वविद्यालय परिसर में संचालित बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) शाखा में जमा रकम वापस न मिलने पर बृहस्पतिवार दोपहर खाताधारकों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज खाताधारकों ने बैंक पहुंचकर हंगामा किया और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश जताया।
आरोप है कि चेक के माध्यम से नकद निकासी दिखाकर फर्जी एफडी तैयार की गई। इससे उनकी जमा पूंजी फंस गई। हंगामा करने वाले पीड़ित खाताधारकों में कुशमा, ममता गौतम, सर्वेश वर्मा, सरोजनी, रुचि गौतम, पिंटू गौतम, शालिग्राम यादव, फूलचंद कश्यप और रामसिंह यादव सहित कई लोग शामिल रहे। उनका कहना है कि मामले को लेकर बैंक प्रबंधन से लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन 45 दिन पूरे होने के बावजूद न तो बैंक के आरएम ने कोई संतोषजनक जवाब दिया और न ही पुलिस की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई की गई है। खाताधारकों ने चेतावनी दी है कि जल्द ही उनकी रकम वापस नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। बैंक प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।