अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय
लखनऊ। प्रदेश के सरकारी और निजी बीएससी नर्सिंग कॉलेजों में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 की शुरुआत एक अगस्त से होगी। अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय (एबीवीएमयू) ने बीएससी, पोस्ट बीएससी, एमएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों का शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है। कुलपति डॉ. अमित देवगन ने बताया कि पहली अगस्त से नए विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा। विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार एक अगस्त को ओरिएंटेशन कार्यक्रम होगा। इसके बाद नए छात्रों की नियमित थ्योरी, लैब और क्लीनिकल ट्रेनिंग शुरू होगी। वहीं वर्ष 2025-26, 2024-25 और 2023-24 बैच के विद्यार्थियों के नए सेमेस्टर 10 अगस्त से शुरू होंगे। अक्तूबर और जनवरी में आंतरिक परीक्षाएं होंगी। सेमेस्टर परीक्षाएं निर्धारित समय पर होंगी।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि कैलेंडर में 6 से 14 नवंबर तक दीपावली अवकाश रहेगा। 25 दिसंबर से तीन जनवरी तक शीतकालीन अवकाश निर्धारित किया गया है। नए बैच का पहला सेमेस्टर सात फरवरी 2027 को समाप्त होगा। आठ फरवरी से दूसरे सेमेस्टर की पढ़ाई शुरू होगी। मई के अंत में ग्रीष्मकालीन अवकाश तथा जुलाई में विश्वविद्यालय परीक्षाओं का आयोजन प्रस्तावित है। (माई सिटी रिपोर्टर)