लविवि ने शैक्षिक सत्र 2022-23 के लिए नया शैक्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। यह एकेडमिक कैलेंडर सभी महाविद्यालयों पर भी लागू होगा। कुलसचिव संजय मेधावी ने विस्तृत एकेडमिक कैलेंडर जारी करते हुए प्रवेश प्रक्रिया जल्द समाप्त कर शिक्षण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। कैलेंडर के अनुसार, प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 21 जनवरी से प्रारंभ होगी।
एकेडमिक कैलेंडर में प्रथम सेमेस्टर की प्रवेश प्रक्रिया 20 तक पूरी करने के बाद 22 सितंबर से शिक्षण कार्य शुरू करने को कहा गया है। कुलसचिव संजय मेधावी ने बताया कि यह एकेडमिक कैलेंडर गत एक सिंतबर को प्रस्तावित था, जिसे गत पांच सितंबर को हुई कार्यपरिषद की बैठक में अनुमोदित किया गया था। इसलिए प्रवेश प्रक्रिया व शिक्षण कार्य शुरू करने की तिथियां महज प्रस्तावित ही मानी जाएंगी। जितना जल्द हो सके प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर शिक्षण कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है। लविवि की प्रवेश प्रक्रिया वर्तमान में चल रही है।
एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए प्रथम सेमेस्टर मिड टर्म परीक्षा नवंबर में प्रस्तावित है। जबकि प्रथम सेमेस्टर का शिक्षण कार्य 20 जनवरी तक पूर्ण कर 17 जनवरी तक प्रयोगात्मक परीक्षा पूरी करनी होगी। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 21 जनवरी से 25 फरवरी तक प्रस्तावित हैं और परीक्षा परिणाम 31 मार्च तक घोषित करने होंगे। वहीं द्वितीय सेमेस्टर का शिक्षण कार्य 27 फरवरी से प्रारंभ करना होगा और मिड टर्म परीक्षा अप्रैल में होगी। द्वितीय सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षा 15 जून तक पूर्ण कर शिक्षण कार्य 17 जून तक पूरा करना होगा। वहीं द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 19 जून से 28 जुलाई तक प्रस्तावित है। जबकि परीक्षा परिणाम 31 अगस्त तक जारी करना होगा।
अध्ययनरत छात्रों का भी एकेडमिक कैलेंडर जारी
लविवि ने पहले से पढ़ रहे छात्रों का भी एकेडमिक कैलेंडर जारी किया है। इसके तहत विषम सेमेस्टर की मिड टर्म परीक्षाएं नवंबर में प्रस्तावित हैं। शिक्षण कार्य 20 जनवरी को पूर्ण कर 17 तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न करानी होंगी। सेमेस्टर परीक्षा 21 जनवरी से 25 फरवरी तक प्रस्तावित है और परिणाम 31 मार्च तक जारी करना होगा। वहीं सम सेमेस्टर का शिक्षण कार्य 27 फरवरी से शुरू होगा और मिड टर्म परीक्षाएं अप्रैल में प्रस्तावित हैं। शिक्षण कार्य 17 जून तक पूर्ण कर उससे पहले 15 जून तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूर्ण करनी होंगी। सेमेस्टर परीक्षा 19 जून से 28 जुलाई तक होगी और 31 अगस्त तक परीक्षा परिणाम जारी करना होगा। विवि व महाविद्यालयों को अनिवार्य रूप से मिड टर्म परीक्षाएं कराने का निर्देश दिया गया है ताकि विषम परिस्थितियों में छात्रों को प्रोन्नत करने में आसानी हो। निर्देश है कि कक्षाएं चार बजे तक संचालित की जाएंगी और किसी के निधन पर शोक सभा कक्षा के बाद शाम चार बजे होगी।