रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन पर यात्री प्रतीक्षालय में लगे एयर कंडीशनर (एसी) और टीवी को चोरी करने का प्रयास किया गया। यह घटना रविवार रात की है। सोमवार तड़के पता चला तो अधिकारियों ने निरीक्षण किया। प्लेटफार्म और यात्री प्रतीक्षालय के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्री प्रतीक्षालय स्थित है। इसके बगल में स्टेशन अधीक्षक कार्यालय तो पास में पूछताछ कार्यालय है। प्लेटफार्म पर हर समय यात्री मौजूद रहते हैं। कर्मचारियों की ड्यूटी लगी रहती है। आरपीएफ और जीआरपी के जवान भी मुस्तैद रहते हैं। इसके बावजूद यात्री प्रतीक्षालय में एसी और टीवी को उखाड़ कर चोरी करने का प्रयास किया गया, लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लग सकी।
सुबह एसी-टीवी को उखड़े हुए हालत में दीवार से लटका देखा तो हड़कंप मच गया। वरिष्ठ खंड अभियंता (विद्युत) संजय यादव ने बताया कि एसी और टीवी से किसी ने छेड़छाड़ की है। कोई सामान चोरी नहीं हुआ है। एसी-टीवी को सही कराया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार का कहना है कि आरपीएफ मामले की छानबीन कर रही है।
रायबरेली। कई ट्रेनों के निरस्त होने और लेटलतीफी से यात्रियों को परेशानी हो रही है। सोमवार को दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस और शक्ति नगर से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस तीन-तीन घंटे विलंब से आई। अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल दो घंटे और हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल एक घंटे लेट रही। प्रयागराज संगम से लखनऊ जाने वाली गंगा गोमती एक्सप्रेस भी आधे घंटे लेट आई। टाटा नगर में प्रदर्शन के चलते पुरी से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस निरस्त रही तो मुरादाबाद मंडल में चल रहे रेल लाइन कार्य के चलते नौचंदी, काशी विश्वनाथ, जनता मेल समेत चार जोड़ी ट्रेनें भी रद्द रहीं।