लखनऊ। भीषण गर्मी में काॅर्पोरेट ट्रेन तेजस एक्सप्रेस में एसी कूलिंग ठप होने की शिकायतें लगातार आ रही हैं। बृहस्पतिवार को भी चेयरकार में एसी कूलिंग नहीं होने की शिकायत सामने आई। इन शिकायतों से ट्रेन के मेंटेनेंस पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
लखनऊ से दिल्ली जाने वाली 82501 तेजस एक्सप्रेस के यात्री रोशन गुप्ता ने शिकायत की कि वह बृहस्पतिवार को दिल्ली जा रहे थे। पूरी ट्रेन में एसी ठीक से काम नहीं कर रहा था। महंगा टिकट होने के बावजूद यात्रियों को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। ऐसे में रिफंड मिलना चाहिए। वहीं, दिल्ली से लखनऊ आने वाली 82502 तेजस एक्सप्रेस की यात्री रुचिका कुमार ने एग्जीक्यूटिव चेयरकार ई-1 में एसी कूलिंग कम होने के साथ ही शौचालय में गंदगी की शिकायत की।
इन ट्रेनों के यात्रियों ने भी शिकायत
इसी क्रम में 12535 गरीबरथ एक्सप्रेस के यात्री अमन भट्ट ने बताया कि कोच संख्या जी-17 का एसी ठीक से काम नहीं कर रहा। कई बार शिकायत पर भी सुनवाई नहीं हुई। गाड़ी संख्या 22538 कुशीनगर के यात्री रामू कुमार सिंह ने बताया कि थर्ड एसी कोच बी-6 में एसी कूलिंग ठप थी। गाड़ी संख्या 15910 अवध आसाम एक्सप्रेस के यात्री अमन सिंह ने शिकायत की कि स्लीपर कोच एस-4 में पानी नहीं था। 12558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस के यात्री दुर्गेश ने बताया कि थर्ड एसी बोगी बी-3 में गंदगी का अंबार था। पानी नहीं था और कूड़े और बदबू के कारण उल्टी हो गई।
तेजस एक्सप्रेस।