यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन 27 अप्रैल से गोरखधाम एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में जनरल व स्लीपर की जगह एसी बोगी लगाएगा।
गोरखधाम एक्सप्रेस में स्लीपर व जनरल क्लास की एक-एक बोगी की जगह थर्ड एसी की दो बोगियां लगाई जाएंगी। ऐसे ही गोरखपुर एलटीटी एक्सप्रेस (22537/38) में स्लीपर की एक बोगी हटाई जाएगी और उसकी जगह थर्ड एसी लगाई जाएगी।
ऐसे ही 15017/18 गोरखपुर एलटीटी व गोरखपुर पनवेल एक्सप्रेस (15065/66) में स्लीपर की जगह थर्ड एसी, गोरखपुर बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (15067/68) में स्लीपर की एक बोगी कम कर थर्ड एसी, लखनऊ जंक्शन वाराणसी सिटी कृषक एक्सप्रेस (15008/07) में जनरल के दो कोच हटाकर थर्ड एसी की दो बोगियां तथा गोरखपुर मैलानी एक्सप्रेस से स्लीपर क्लास की दो बोगियाें की जगह थर्ड एसी की बोगियां लगाई जाएंगी।
स्थायी रूप से बढ़ेंगी बोगियां
रेलवे प्रशासन राप्तीगंगा एक्सप्रेस में थर्ड एसी की दो बोगियां स्थायी रूप से बढ़ाने जा रहा है। गोरखपुर देहरादून एक्सप्रेस (15005) में गोरखपुर से 24 दिसंबर से तथा देहरादून गोरखपुर राप्तीगंगा एक्सप्रेस (15006) में 28 दिसंबर से और मुजफ्फरपुर देहरादून एक्सप्रेस (15001) में 27 दिसंबर से मुजफ्फरपुर से व देहरादून मुजफरपुर एक्सप्रेस (15002) में देहरादून से 25 दिसंबर से थर्ड एसी की दो बोगियां स्थायी रूप से बढ़ जाएंगी।
पंजाब में किसान आंदोलन से तीन दिन बाधित रहेंगी ट्रेनें
पंजाब में चल रहे किसान आंदोलन के चलते बृहस्पतिवार को भी ट्रेनें बाधित रहीं। एहतियात के तौर पर रेलवे ने अगले तीन दिनों तक अमृतसर व जम्मूतवी स्टेशन की कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया, इसमें लखनऊ की भी कई गाड़ियां शामिल हैं। अमृतसर हावड़ा पंजाब मेल (13006) शुक्रवार को और 26 दिसंबर को जयनगर अमृतसर सरयू यमुना एक्सप्रेस (14649) कैंसिल रहेगी। 27 को दरभंगा अमृतसर जननायक एक्सप्रेस (15211) रद्द रहेगी। वहीं, गाजीपुर सिटी श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस (14611), कोलकाता जम्मूतवी एक्सप्रेस (13151), धनबाद से फिरोजपुर स्रह्य बीच चलने वाली गंगा सतलज एक्सप्रेस लुधियाना में, सहरसा अमृतसर एक्सप्रेस (12203) नई दिल्ली में शॉर्ट टर्मिनेट की गई। ऐसे ही शुक्रवार को रवाना होने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस और हावड़ा अमृतसर पंजाब मेल लुधियाना में शॉर्ट टर्मिनेट की जाएगी, जबकि जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस सहारनपुर से चलाई जाएगी। फिरोजपुर धनबाद गंगा सतलज एक्सप्रेस लुधियाना से चलेगी।